नई दिल्ली :- वैशाख मास में गर्मी पूरे प्रभाव होती है. इस कारण इन दिनों में जल दान करने का महत्व है. इस महीने में अक्षय तृतीया और बुद्ध पूर्णिमा जैसे बड़े व्रत-पर्व आएंगे. वैशाख महीने में अपने घर के बाहर पक्षियों के लिए जल और अन्न की व्यवस्था जरूर करनी चाहिए.
इन दिनों में अधिकतर नदी-तालाब सूख जाते हैं, जिससे पक्षियों को पीने का पानी नहीं मिल पाता है. इस महीने में सूर्य अपने पूरे प्रभाव में रहता है, इस वजह से गर्मी रहेगी. इसी वजह से वैशाख महीने में जल और छाया दान करने का महत्व काफी अधिक है. वैशाख महीना धर्म-कर्म के नजरिए से बहुत खास है. इन दिनों में किए गए जल दान का अक्षय पुण्य मिलता है. अक्षय पुण्य यानी इस पुण्य का शुभ असर जीवन भर बना रहेगा.
शास्त्रों में लिखा है कि विद्याओं में वेद श्रेष्ठ है, मंत्रों में प्रणव, वृक्षों में कल्प वृक्ष श्रेष्ठ है. गायों में कामधेनु और देवताओं में विष्णु जी श्रेष्ठ हैं. नदियों में गंगा और अस्त्र-शस्त्रों में चक्र श्रेष्ठ है. धातुओं में सोना और रत्नों में कौस्तुभ मणि श्रेष्ठ है, ठीक इसी तरह हिन्दी पंचांग के सभी 12 महीनों में वैशाख महीना श्रेष्ठ है.
स्कंद पुराण के इस श्लोक के अनुसार वैशाख के समान कोई और मास नहीं है. सत्ययुग के समान कोई युग नहीं है. वेद के समान को शास्त्र नहीं है और गंगा जी के समान कोई तीर्थ नहीं है.
वैशाख मास शुक्रवार से शुरू होगा और शुक्रवार को ही खत्म होगा. मान्यता है कि इस माह में किए गए पूजा-पाठ से अक्षय पुण्य मिलता है और भगवान की कृपा से भक्त की सभी इच्छाएं पूरी हो सकती हैं. ये महीना वृक्षों में कल्पवृक्ष के समान और शिवजी, विष्णु को प्रसन्न करने वाला माना गया है.
ज्योतिषाचार्य ने बताया कि जैसे सम्पूर्ण स्त्रियों में पार्वती, तपने वालों में सूर्य, लाभों में आरोग्यलाभ, मनुष्यों में ब्राह्मण, पुण्यों में परोपकार, विद्याओं में वेद, मन्त्रों में प्रणव, ध्यानों में आत्मचिंतन, तपस्याओं में सत्य और स्वधर्म-पालन, शुद्धियों में आत्मशुद्धि, दानों में अभयदान तथा गुणों में लोभ का त्याग ही सबसे प्रधान माना गया है, उसी प्रकार सब मासों में वैशाख मास अत्यंत श्रेष्ठ है.
महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 106 के अनुसार “निस्तरेदेकभक्तेन वैशाखं यो जितेन्द्रियः। नरो वा यदि वा नरी ज्ञातीनां श्रेष्ठतां व्रजेत्।।” जो स्त्री अथवा पुरूष इन्द्रिय संयम पूर्वक एक समय भोजन करके वैशाख मास को पार करता है, वह सहजातीय बन्धु-बान्धवों में श्रेष्ठता को प्राप्त होता है।।
दत्तं जप्तं हुतं स्नातं यद्भक्त्या मासि माधवे।तदक्षयं भवेद्भूप पुण्यं कोटिशताधिकम् ।। माधवमास में जो भक्तिपूर्वक दान,जप, हवन और स्नान आदि शुभ कर्म किये जाते हैं, उनका पुण्य अक्षय तथा सौ करोड़ गुना अधिक होता है.
प्रातःस्नानं च वैशाखे यज्ञदानमुपोषणम्।हविष्यं ब्रह्मचर्यं च महापातकनाशनम् ।। वैशाख मास में सवेरे का स्नान, यज्ञ, दान, उपवास, हविष्य-भक्षण तथा ब्रह्मचर्य का पालन – ये महान पातकों का नाश करने वाले हैं.
स्कंद, पद्म, ब्रह्मवैवर्त पुराण और महाभारत में वैशाख महीने को बहुत खास बताया गया है. इन ग्रंथों में कहा गया है कि वैशाख मास में सूर्योदय से पहले स्नान करने, जलदान और तीर्थ में नहाने से हर तरह के दुख खत्म हो जाते हैं. वैशाख महीने में इन कामों को करने से कई गुना पुण्य फल मिलता है.
सूर्योदय से पहले उठकर पानी में गंगाजल या किसी पवित्र नदी का जल मिलाकर नहाएं. इसके बाद सूर्य को अर्घ्य दें. भगवान विष्णु की पूजा करने का संकल्प लें. पूजा किसी ब्राह्मण से करवाएंगे तो ज्यादा अच्छा रहेगा. भगवान विष्णु को पंचामृत से स्नान कराएं. चरणामृत ग्रहण करें. पूजा में ऊँ नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र का जाप करना चाहिए. भगवान को फूल, धूप, नैवेद्य आदि सामग्री चढ़ाएं। दीपक जलाएं. विष्णु सहस्त्रनाम का जाप करें. व्रत की कथा सुनें. दूसरे दिन यानी द्वादशी पर ब्राह्मणों को भोजन कराएं और दान देकर आशीर्वाद प्राप्त करें.
सुबह तुलसी को जल चढ़ाएं और शाम को तुलसी के पास दीपक जलाएं. भगवान विष्णु के साथ ही देवी महालक्ष्मी की पूजा भी करें.
किसी मंदिर जाएं और ध्वज यानी झंडे या पानी से भरे मटके का दान करें.
शिवजी के सामने दीपक जलाएं और श्रीराम नाम का जाप 108 बार करें. शिवलिंग पर जल चढ़ाएं, काले तिल चढ़ाएं.
इस माह में हमें सूर्यादय से पहले उठ जाना चाहिए, स्नान के बाद सूर्य को जल चढ़ाकर दिन की शुरुआत करें.
वैशाख में तीर्थ दर्शन करें और नदियों में स्नान करें. अगर यात्रा नहीं कर पा रहे हैं तो घर पर पानी में थोड़ा सा गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं.ये गर्मी का समय है. इस महीने में पानी का दान करें.
किसी सार्वजनिक स्थान पर प्याऊ लगाएं या किसी प्याऊ में मटके का दान करें. इस माह में जो व्यक्ति प्याउ लगवाता है, वह देवता, ऋषि और पितर सभी को तृप्त करता है. प्यासों के लिए पानी और धूप से बचने के लिए छाते का दान करें.
जरूरतमंद लोगों को जूते-चप्पल का भी दान करें. आप चाहें तो किसी मंदिर में पंखों का दान भी कर सकते हैं.
