गरियाबन्द। गरियाबन्द जिले का मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर विगत 20 दिनों से जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में डटा हुआ है। बता दें कि, जिले के विभिन्न ब्लॉक से रसोइया संघ की महिलाएं बड़ी संख्या में इकट्ठा हुई हैं । वे एकजुट होकर ‘जो सरकार निकम्मी है वो सरकार बदलनी है’ का नारा लगाते हुए गांधी मैदान पहुंची। जहां उन्होंने संयुक्त कलेक्टर भवन में अपर कलेक्टर को अपनी तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
जिला मुख्यालय स्थित गांधी मैदान में रसोइया संघ अपनी 3 सूत्रीय मांगों को लेकर करीब 20 दिनों से धरना दे रहा है। कर्मचारी कलेक्टर दर पर मानदेय दिए जाने की मांग कर रहे हैं। संघ के कर्मचारियों ने बताया कि, स्कूलों में समस्त रसोइया, जो कि मध्यान्ह भोजन बनाने का कार्य करते हैं। उन्हें प्रतिदिन सुबह 10 से 4 बजे लगभग 6 घंटे ड्यूटी के लिए महज 50 रुपए की दर से मानदेय दिया जा रहा है, जो महंगाई के इस दौर में बहुत ही कम है।
ज्ञापन को हम शासन तक पहुंचाएंगे
रसोइया संघ ने राज्य सरकार से कलेक्टर दर पर मानदेय दिए जाने की मांग की है। संघ की प्रमुख तीन मांगों में रसोइया को नियमित करने, कलेक्टर दर पर मानदेय दिए जाने और बार-बार रसोइया को बाहर करने की प्रक्रिया बंद किए जाने की बात कही गई है। वहीं इस मामले में अपर कलेक्टर टीकाराम देवांगन ने कहा कि, रसोइया संघ ने ज्ञापन दिया है उनकी मांग को हम शासन तक पहुंचाएंगे।