
टीवी 36 हिंदुस्तान विनोद गुप्ता बलरामपुर छत्तीसगढ़
बलरामपुर 14 दिसम्बर 2021/ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) 1995 के तहत् जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के विभिन्न धाराओं के तहत् पुलिस अधीक्षक से प्राप्त 09 प्रकरणों पर नियमानुसार राहत राशि की स्वीकृति प्रदान करने तथा अध्यक्ष की अनुमति व अन्य विषयों पर चर्चा की गई। सहायक आयुक्त आदिवासी के द्वारा क्रमानुसार प्रकरणों की जानकारी दी गई।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित समिति के सदस्यों ने 09 प्रकरणों पर चर्चा करते हुए 16 लाख 50 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की। बैठक में कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने पीड़ितों को जाति प्रमाण पत्र हेतु परेशानी न हो इसके लिए संयुक्त कलेक्टर श्री आर.एन.पाण्डेय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समुदाय के जनप्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए कहा है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान जनजाति समुदाय के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें।
प्रतिनिधियों के साथ ही अधिकारियों-कर्मचारियों का कर्त्तव्य है कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समुदाय के अधिकारों का हनन् न हो।बैठक में जिला पंचायत सदस्य श्री रामचरितर सोनवानी, उद्धेश्वरी पैंकरा, श्रीमती गीता देवी, सहायक संचालक उद्यान श्री पतराम सिंह पैंकरा, लोक अभियोजन अधिकारी श्री मनोज कुमार चतुर्वेदी, कोड़ाकू समाज के प्रांताध्यक्ष श्री जोनकुश कुम्हरिया, प्रबंधक कैथलिक समाज दर्रीडीह फादर लारेंस सहित समिति के सदस्य एवं अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे