केशकाल: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के तहत आगामी 7 नवंबर को बस्तर संभाग की 12 सीटों में मतदान होना है। ऐसे में कांग्रेस व भाजपा के बड़े नेताओं का बस्तर दौरा भी शुरू हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को केशकाल विधानसभा क्षेत्र के जोन, सेक्टर बूथ और संगठन के कार्यकर्ताओं में जोश भरने छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी की प्रभारी कुमारी शैलजा, सह प्रभारी चन्दन यादव, विजय जांगिड़ समेत कई बड़े नेता केशकाल पहुंचे थे। जहां स्थानीय प्रत्याशी संतराम नेताम के नेतृत्व में सभी नेताओं का जोशीला स्वागत हुआ। ततपश्चात सैलजा ने कांग्रेस कार्यालय में बूथ, जोन, सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें सम्बोधित किया।
इस दौरान कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बताया कि पिछले 15 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने केवल छत्तीसगढ़ के लोगों को लूटने का काम किया है। 2018 में प्रदेश की जनता ने उन्हें आईना दिखाया और सत्ता से उखाड़ फेंकते हुए कंग्रेस की सरकार बनाई। पिछले पांच वर्षों में जिस प्रकार से केशकाल विधानसभा में आप लोगों ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन जन तक पहुंचाया। उसी का परिणाम है कि आज जनता ने कांग्रेस सरकार पर भरोसा जताया है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार भी आप लोग पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे और अपने प्रत्याशी संतराम नेताम को प्रचंड मतों से जीत दिलाएंगे।