. ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे में स्थित कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज मेमोरियल हॉस्पिटल में पिछले 24 घंटे में 18 मरीजों की मौत हो गई। इन सभी को यहां पर इलाज के लिए भर्ती किया गया था। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक जिन लोगों की मौत हुई है उनमें से बड़ी संख्या में लोग आईसीयू में भर्ती थे। इसके अलावा सटीक आंकड़े के बारे में अभी अस्पताल से पुष्टि होनी बाकी है। इससे पहले भी यहां पर एक साथ छह मरीजों की मौत हो गई। इस तरह हफ्ते भर में अस्पताल में 24 लोगों की जान जा चुकी है। इसको लेकर वहां पर मृतकों के परिजनों ने हंगामा किया है।
इस बीच अधिकारियों ने कहा है कि वह लोग अस्पताल में मौतों का कारण तलाशने में जुटे हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक अधिकतर मरीज उम्रदराज थे और बेहद क्रिटिकल कंडीशन में थे। यह भी जानकारी सामने आई है कि यह शहर में एकमात्र क्षेत्रीय स्तर का अस्पताल है। इसमें मरीजों की काफी भीड़ रहती है। यहां पर उपनगरों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा सिविल अस्पताल में रेनोवेशन का काम चल रहा है, जिसके चलते भी इस अस्पताल में भीड़ बढ़ गई है।
