यूपी:- अयोध्या में प्रभु राम के विराजमान होने को लगभग 6 महीने पूरे हो गए हैं. गौरतलब है कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को हुई थी. प्रभु राम के विराजमान होने के बाद से अभी तक लगभग 2 करोड़ से ज्यादा राम भक्त दर्शन पूजन कर रहे हैं. प्रतिदिन एक लाख से ज्यादा भक्त अयोध्या पहुंच रहे हैं.
हर भक्त के मन में यह इच्छा होती है कि वह प्रभु राम के साथ एक तस्वीर अपने मोबाइल में कैद करें. शायद यही वजह है कि अब राम मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन मार्ग पर कई जगहों पर सेल्फी प्वाइंट बनाया है.
जहां देश दुनिया से आने वाले राम भक्त प्रभु राम के साथ सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं. हालांकि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम जन्मभूमि पथ पर दो सेल्फी प्वाइंट बनाए है. जिसको गर्भ ग्रह की तरह ही सजाया और संवारा गया है.
हालांकि प्रभु राम के विराजमान होने के बाद नवनिर्मित मंदिर में राम भक्त कुछ दिनों तक मोबाइल ले जाते थे. लेकिन धीरे-धीरे सुरक्षा कारणों से मोबाइल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया था. राम भक्तों की इस इच्छा को राम मंदिर ट्रस्ट ने पूरा किया तो राम भक्त भी ट्रस्ट की प्रशंसा करने लगे .
अयोध्या पहुंची श्रद्धालु प्रियंका ने बताया कि प्रभु राम का दर्शन किया मन प्रफुल्लित हो गया. साथ ही रामलला के साथ सेल्फी ली बहुत अच्छा लगा. सेल्फी प्वाइंट पर सेल्फी लेकर मन खुश हो गया है हर भक्त के मन में यही इच्छा होती है कि वह अपने भगवान के साथ एक फोटो ले सके. ट्रस्ट ने यह इच्छा पूरी की है इसको लेकर ट्रस्ट को धन्यवाद है.
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने बताया कि रामलीला के परिसर में मोबाइल फोन पूर्ण रूप से प्रतिबंध है. मंदिर परिसर में फोटो लेने और सेल्फी लेने से दर्शन में श्रद्धालुओं को कई तरह की समस्या हो रही थी. जिसकी वजह से राम मंदिर ट्रस्ट ने मोबाइल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया था. लेकिन अब राम जन्मभूमि पथ पर राम भक्तों के लिए दो जगह पर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया है.
