रायपुर, 2 मार्च। यूक्रेन-रूस के युद्ध के बीच भारतीयों का स्वदेश लौटने का सिलसिला जारी है। मंगलवार की शाम तक 5 छात्र लौटने के बाद यूक्रेन में फंसे 26 छात्र छत्तीसगढ़ वापस लौट चुके है। एक फ्लाइट देर रात आने वाली है। यूक्रेन में फंसे छात्रों की मदद करने का प्रयास कर रहे यूक्रेन मामले के समन्वयक के अनुसार यूक्रेन में फंसे 170 छात्रों की जानकारी मिली है। इन छात्रों की जानकारी भारतीय दूतावास को उपलब्ध करा दी गई है। इन छात्रों को सुरक्षित यूक्रेन से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। यूक्रेन के खार्कीव, समी और मिक्प्लेव में फंसे छत्तीसगढ़ के छात्रों और नागरिकों को सुरक्षित ठिकाने में पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं भाजपा ने 207 विद्यार्थी की जिलावार सूची जारी की है। छत्तीसगढ़ बीजेपी ने आरोप लगाया है कि रूस यूक्रेन के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ के छात्रों को यूक्रेन से वापस लाने के मुद्दे पर कांग्रेस और बाकी राजनीतिक दल राजनीति कर रहे हैं, वे केंद्र सरकार को बदनाम करना चाहते हैं।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस लेते हुए प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य तथा ऑपरेशन गंगा’ के प्रदेश प्रभारी राजीव अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के 207 विद्यार्थी यूक्रेन में फंसे हुए हैं जिनमें से 25 रायपुर के हैं और इनमें से 2 विद्यार्थी सकुशल छत्तीसगढ़ आ गए हैं। केंद्र की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन गंगा के तहत सभी विद्यार्थियों को सकुशल वापस लाने स्वदेश वापस लाने के लिए कटिबद्ध है और इसके लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति नीति को पूरे विश्व में सराहा जा रहा है ऐसे समय में संकट के दौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सूझबूझ दिखाते हुए यूक्रेन में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी के लिए काम कर रहे हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पार्टी के कार्यकर्ता और नेता विद्यार्थियों के घर में जाकर उनका हाल-चाल पूछ रहे हैं और उन्हें आश्वस्त कर रहे हैं।
भाजपा रायपुर जिला के पूर्व अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने आगे कहा कि कहा कि चाहे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध जैसी स्थिति हो या विदेशी मामले हो जैसे कि पाकिस्तान में भारतीय सरबजीत सिंह को फांसी देने का मुद्दा हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिर्फ एक व्यक्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में जाकर उसकी फांसी पर स्टे दिलवाया है और अब तक उसे बचा रखा है। पीएम ने यह संदेश दिया है देश के प्रधानमंत्री होने के नाते उन्हें एक-एक नागरिक की चिंता है। कांग्रेस राजनीति ना करे बल्कि वह छत्तीसगढ़ के नागरिकों की चिंता करे।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, प्रितेश गांधी तथा प्रवक्ता अमित चिमनानी उपस्थित थे।