रायगढ़, 27 नवंबर । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोरोना संक्रमण के दो दिन में 22 नए मामले सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसके अलावा एक कोरोना संक्रमित शिक्षक की उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई है।
एक कॉलेज में संचालित एनसीसी शिविर में 6 कैडेट कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शिविर में खलबली मच गयी है। चिंता की बात यह है कि संक्रमित पाए गए सभी कैडेट्स को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी थीं।
जिले में बीते 6 महीनों में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या नाममात्र को रह गई थी। इसकी वजह से लोग कोरोना को लेकर बेफिक्र हो गए थे, लेकिन एक बार फिर से कोरोना संक्रमण की वापसी होने लगी है। जिले में गुरुवार को 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई। इसके बाद शुक्रवार को पुनः 11 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई। वहीं एक 45 वर्षीय कोरोना संक्रमित शिक्षक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत होने से दहशत का माहौल बना हुआ है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एस एन केशरी ने बताया कि कोरोना संक्रमित एनसीसी कैडेट के सम्पर्क में आये 40 व्यक्तियों को कॉलेज परिसर में बनाये गए आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। डॉ केशरी ने बताया कि भले ही कैम्प में आये सब कैडेट्स पहले ही एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच करा चुके हों, लेकिन इनकी दुबारा जांच करायी जाएगी।