डोडा:- जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक बस 250 मीटर नीचे जा गिरी है। इस हादसे में 38 लोगों की मौत की खबर है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। यह बस किश्तवाड़ से जम्मू की ओर जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू एवं कश्मीर के डोडा में एक सड़क हादसे में 38 लोगों की मौत पर शोक जताया और प्रत्येक मृतक के निकट संबंधी को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय पीएमओ की ओर से ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया, ‘‘जम्मू एवं कश्मीर के डोडा में हुई दुर्घटना के कारण लोगों की मृत्यु से पीड़ा हुई है। मेरी संवेदनाएं अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारजनों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। ’’ पीएमओ ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी तथा घायलों को 50,000 रुपये दिये जाएंगे।
