नईदिल्ली। बाघमारा/भीमकनाली: ब्लॉक दो क्षेत्र के बेनीडीह साइडिंग में शनिवार की देर रात कोयला चोर व सीआइएसएफ जवानों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पत्थरबाजी के बाद दोनों ओर से गोलीबारी हुई। घटना में गोली लगने से चार लोगों की मौत हो गई। वहीं छह लोग घायल हुए हैं। दो लोगों को पीठ में गोली लगी है। गंभीर हालत में उन्हें धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं चारों मृतकों के शव भी एसएनएमएमसीएच ले जाए गए हैं। मुठभेड़ के बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण है। मामले की सूचना मिलने पर बाघमारा व बरोरा थाना की पुलिस सहित काफी संख्या में सीआइएसएफ के जवान बेनीडीह साइडिंग पहुंचे। पुलिस ने साइडिंग से करीब दो दर्जन दोपहिया वाहनों को जब्त किया है। घटना रात करीब पौने 11 बजे से सवा 12 बजे के बीच की है। रात में दर्जनों की संख्या में दोपहिया वाहनों पर सवार होकर सभी युवक कोयला चुराने के लिए साइडिंग पर पहुंचे थे।
यहां युवकों व सीआइएसएफ जवानों में भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से पहले पत्थरबाजी हुई और फिर गोली चलने लगी। करीब 30 राउंड फायरिंग हुई। सीआइएसएफ के अनुसार, उक्त साइडिंग में कोयले की लूट को रोकने की कोशिश पर धंधेबाज जवानों से उलझ गए। क्विक रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची तो धंधेबाजों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी।
कोयला चोरों ने जवानों को घेर लिया, जो घटना का कारण बना। सीआइएसएफ ने बयान जारी कर कहा है कि कोयला चोरी रोकने के दौरान हुई मुठभेड़ में जवानों से राइफल छीनने की कोशिश की गई, जिसके कारण गोली चली और चार लोगों की मौत हो गई।