चाईबासा । नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान IED विस्फोट में CRPF के पांच जवान घायल हो गए। अभी वहां एक निकासी अभियान चल रहा है। झारखंड के चाईबासा में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ के दौरान आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के 5 जवान घायल हो गए। बता दें कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार एंटी अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें कई नक्सली ढेर हो चुके हैं और कई ने सरेंडर कर दिया है।
इस अभियान की वजह से नक्सली संगठन बौखलाए हुए हैं और सुरक्षाबलों पर निशाना साधने की कोशिश करते रहते हैं।पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र टोटो थाना क्षेत्र के सरजोमबुरु जंगल में आईईडी ब्लास्ट में सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए। बताया जाता है कि नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी बम लगा रखा था। इसकी चपेट में आने से कोबरा-209 बटालियन के पांच जवान घायल हो गए।सभी घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रांची भिजवाया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, टोंटो थाना क्षेत्र के जंगल में नक्सली मिसिर बेसरा सहित कई अन्य बड़े नक्सली पिछले कई महीनों से कैंप किए हुए हैं। नक्सली मिसिर बेसरा एक करोड़ का इनामी नक्सली है। नक्सलियों की घेराबंदी के लिए सीआरपीएफ की 209 कोबारा बटालियन, सीआरपीएफ 157, 194 बटालियन के अलावा झारखंड जगुआर और जिला पुलिस सयुंक्त रूप से सर्च अभियान चला रही है।
घटना के बाद जिले के एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि टोटो थाना क्षेत्र के सरजोमबुरु जंगल में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हो गई। इसी दौरान नक्सलियों के लगाए आईईडी बम फट गया। इसकी चपेट में आने से सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए। घायलों के एयरलिफ्ट कर रांची भेजे गए हैं।