जगदलपुर : जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र के एक गांव के जंगल में एक नक्सली का शव मिला है। नक्सली की पहचान देवा उर्फ तिर्री मड़कामी के रूप में हुई है। यह कटेकल्याण एरिया कमेटी का सदस्य था। इस पर 8 लाख रुपए का इनाम भी घोषित है। सिर्फ दंतेवाड़ा जिले में ही अलग-अलग तरह की कुल 9 घटनाओं में शामिल रहा है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि माओवादियों ने इसे मार कर जंगल में फेंका है।
बता दें कि मंगलवार को दंतेवाड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि, भूसारास घाटी में जियाकोडता के जंगल में एक युवक का शव पड़ा है। शव मिलने की सूचना पर फौरन जवानों की एक टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था। जब जवान मौके पर पहुंचे तो उन्होंने शव के साथ एक हथियार भी बरामद किया।
जवानों ने शव की पहचान नक्सली देवा के रूप में की। पुलिस ने जब इसकी फाइल खंगाली तो पता चला कि यह कटेकल्याण एरिया कमेटी का मेंबर है। इस पर 8 लाख रुपए का इनाम भी घोषित है।मार कर फेंके जाने की जताई आशंकाबस्तर के आईजी सुंदरराज पी ने कहा कि ऐसी आशंका है कि, नक्सलियों ने खुद अपने साथी को मारकर फेंका है। फिलहाल जांच जारी है।