बलौदाबाजार-भाटापारा। नाबालिग लड़की से रेप और अपहरण के मामले में दोषी कैदी को 20 साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई। जिसके चंद घंटे के अंदर ही उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक कैदी हीरालाल पटेल ग्राम बरेली का रहने वाला था। बताया जाता है कि गिरौदपुरी चौकी पुलिस ने हीरालाल को इसी साल सितंबर में अपहरण और रेप के केस में गिरफ्तार किया था।
उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था, लेकिन 3 महीने बाद उसे जमानत मिल गई थी और वो छूटकर घर आ गया था। जमानत के बाद स्पेशल पॉक्सो अदालत में मामले का ट्रायल चल रहा था।ट्रायल के बाद गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी हीरालाल को दोषी करार दिया गया। उसे 20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई। सजा के बाद उसे उपजेल बलौदाबाजार में बंद किया गया।
जहां उसकी अदालत से जेल दाखिल करने के चंद घंटों के अंदर ही मौत हो गई। तबियत खराब होने पर उसे जेल से बलौदाबाजार जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।