कर्नाटक: एक विधायक लोगों से अजीबो-गरीब चुनावी वादा करती नजर आईं। उन्होंने लोगों से जितना मर्जी हो उतना लोन लेने को कहा। ये विधायक कोई और नहीं बल्कि कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की पत्नी हैं। पूर्व सीएम की पत्नी व जद (एस) विधायक अनीता कुमारस्वामी ने एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए लोगों से कहा कि वे जितना चाहें उतना लोन लें, पार्टी के सत्ता में आने पर उसे माफ कर कर दिया जाएगा।
रामनगर की विधायक ने राज्य में सत्ता में वापस आने के बाद 24 घंटे के भीतर सभी ऋण माफ करने का वादा किया है। अनीता कुमारस्वामी ने कहा, “कुमारन्ना [कुमारस्वामी] ने सत्ता में वापस आने के 24 घंटों के भीतर ऋण माफ करने का वादा किया है। आप जितना चाहें (ऋण) ले लें। (सत्ता में आने के बाद) वह उसे चुका देंगे। कोई समस्या नहीं है।” जेडीएस की रामनगर से विधायक अनीता कुमारस्वामी ने मतदाताओं से कहा कि वे स्त्री शक्ति योजना के तहत ऋण लें और उसे चुकाएं नहीं।
उन्होंने कहा कि उनके पति के सीएम बनने के बाद, वह कर्ज माफ कर देंगे।पूरा कर्जा माफ कर देंगेयह टिप्पणी जद (एस) द्वारा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच आई है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव अगले साल अप्रैल-मई तक होने की संभावना है। जद (एस) नेतृत्व ने पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के बेटे और पार्टी की युवा शाखा के अध्यक्ष निखिल कुमारस्वामी को 2023 के चुनावों के लिए अपने गढ़ रामनगर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार के रूप में नामित कर दिया है।
जद (एस) राज्य का पहला राजनीतिक दल है जिसने चुनावों के लिए औपचारिक रूप से एक उम्मीदवार का नाम घोषित किया है। वर्तमान में अनीता कुमारस्वामी रामनगर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। अब उन्होंने अपने बेटे के लिए इस सीट को छोड़ने का फैसला किया है।