भारतीय टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप में जीत के साथ शुरुआत की है. अपने पहले मुकाबले में हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने स्पेन को 2-0 से पराजित किया. भारतीय टीम अपने अगलेे मुकाबले में 15 जनवरी को इंग्लैंड का सामना करेगी. इंग्लैंड ने भी अपने पहले मैच में वेल्स को मात दी है.
भारतीय टीम ने हॉकी वर्ल्ड कप 2023 में अपने अभियान का धमाकेदार आगाज किया है. शनिवार (13 जनवरी) को बिरसा मुंडा स्टेडियम में हुए मुकाबले में टीम इंडिया ने स्पेन को 2-0 से मात दी. भारतीय टीम की जीत में अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह का अहम रोल रहा, जिन्होंने अपनी टीम के लिए एक-एक गोल दागा. भारतीय टीम अपने अगले मैच में 15 जनवरी को इंग्लैंड का सामना करेगी.
ऐसे रहे पहले दो क्वार्टर…
टीम इंडिया को पहले क्वार्टर के 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला था, हालांकि हरमनप्रीत सिंह इस पर गोल नहीं कर पाए. चंद सेकेंड बाद विपक्षी खिलाड़ी के खतरनाक प्ले के चलते भारत को फिर से पेनल्टी कॉनर मिला. अबकी बार भारतीय टीम ने मौके को भुनाने में कोई गलती नहीं की और अमित रोहिदास ने गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी. फिर खेल के 13वें मिनट में भी भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसपर कोई गोल नहीं हुआ.