कोरबा। पुलिस ने एएसआई की रिपोर्ट पर भाजपा नेताओं के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है। बस्तर में भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में 17 फरवरी को प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर कोरबा जिले में भी चक्काजाम किया गया। कटघोरा थाना अंतर्गत बिलासपुर-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के जेंजरा बाईपास चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आवागमन अवरूद्ध कर प्रदर्शन किया।
इसकी सूचना पर निरीक्षक चमन सिन्हा व स्टाफ वहां पहुंचे। भाजपा पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क पर चारों तरफ कुर्सी लगा कर बीचों-बीच बैठ कर आवागमन अवरूद्ध किया गया। इन्हें रास्ता छोड़ने के लिए बार-बार समझाइश देने के बाद भी नहीं मान रहे थे।
कटघोरा थाना में पदस्थ एएसआई रफीक ने इनके विरुद्ध बेवजह एकत्रित होकर मेन रोड में बलपूर्वक आवागमन अवरूद्ध कर हो-हल्ला कर यातायात बाधित कर आवाजाही करने वालों को रोकने के अपराध में रिपोर्ट दर्ज कराया है। प्रदर्शनकारियों मोतीलाल देवांगन, राजेन्द्र टंडन, अभिषेक अग्रवाल, अनुराग दुलानी, रामप्रसाद कोर्राम व 10-12 अन्य लोगों के विरूद्ध धारा 147, 341 भादवि के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।