मुंबई: बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार अपनी नई फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ के सेट पर चोटिल हो गए हैं. अक्षय अपनी इस फिल्म के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं. अपने स्टंट्स खुद करने वाले अक्षय को एक्शन सीक्वेंस फिल्माते हुए ही चोट आई है. हालांकि बताया जा रहा है कि ये चोट बहुत गंभीर नहीं है और वो जल्द ठीक हो जाएंगे. अक्षय कुमार को ‘बड़े मियां छोटे मियां’ के सेट पर एक्शन सीन फिल्माते हुए चोट लगी.
इस रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि ये चोट गंभीर नहीं है. खबर में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि अक्षय अपने को-स्टार टाइगर श्रॉफ के साथ एक्शन सीक्वेंस शूट कर रहे थे. एक अलग स्टंट था जिसे एक्टर को शूट करना था, इसी के दौरान उन्हें चोट आई. खबर की मानें तो अभी अक्षय के घुटने चोटिल हैं. जब तक वो ठीक नहीं होती, फिल्म के एक्शन सीन्स की शूटिंग बंद रहेगी. फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ की शूटिंग टाइगर श्रॉफ और अक्षय कुमार स्कॉटलैंड में कर रहे हैं. दोनों एक्शन हीरो अपने एक्शन सीन्स खुद करने के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि इस फिल्म के साथ भी दोनों को जबरदस्त अंदाज में देखा जाएगा. अक्षय कुमार को चोट लगने की खबर आने के बाद ट्विटर पर फैंस ने उनके लिए दुआ करना शुरू कर दिया. फैंस का कहना है कि खिलाड़ी कुमार जल्द ही ठीक होकर फिर से एक्शन सीन्स करने लगेंगे.
ट्विटर पर #Akshay Kumar और GET WELL SOON AKKI ट्रेंड हो रहा है. यूजर्स और फैंस अक्षय कुमार को एक्शन का बाप बता रहे हैं. उनका कहना है कि बिना बॉडी डबल के एक्शन सीन शूट करने पर चोट तो लगती ही है, लेकिन अक्षय जल्द ही ठीक होकर वापस आएंगे. कई फैंस ने एक्टर की दाद भी दी कि वो 55 साल की उम्र में अपने एक्शन सीन्स खुद से शूट कर रहे हैं