नॉर्थ अफ्रीकी देश सूडान में तख्तापलट के लिए मिलिट्री और बागी पैरामिलिट्री रेपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) के बीच लड़ाई जारी है। अब तक 97 लोगों की मौत हो चुकी है। 1,126 लोगों के घायल होने की खबर है। BBC के मुताबिक, डॉक्टरों का कहना है कि राजधानी खार्तूम के अस्पतालों में हालात बेहद मुश्किल हो गए हैं। लड़ाई के चलते स्वास्थ्यकर्मी घायलों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। राजधानी खार्तूम सहित कई इलाकों में सोमवार को भी गोलीबारी और धमाके जारी हैं। 16 अप्रैल को एक भारतीय नागरिक अल्बर्ट ऑगस्टीन की मौत हुई थी।
भारतीय मिशन ने ट्वीट कर बताया कि गोली लगने से अल्बर्ट की मौत हो गई। वो सूडान में डल ग्रुप कंपनी के लिए काम करते थे। भारत सरकार सूडान में रहने वाले अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर चुकी है। उन्हें घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।इससे पहले 16 अप्रैल को 56 लोगों के मारे जाने के बाद मिलिट्री और बागी पैरामिलिट्री रेपिड सपोर्ट फोर्स तीन घंटों के अस्थाई संघर्ष विराम पर सहमत हो गए थे। दोनों पक्षों ने संयुक्त राष्ट्र की इस पहल का समर्थन किया था।