रायपुर
छत्तीसगढ़ में भीषण गरमी से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार की शाम हुई बारिश के बाद पारा नीचे लुढ़का है। अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। मौसम विभाग के मुताबिक रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर संभाग में बारिश हो सकती है। एक दो स्थानो में गरज चमक के साथ तेज हवा भी चल सकती है।
मौसम जानकारों कि माने तो राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के तापमान में गिरावट होती रहेगी। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने इस बात की जानकारी दी है। IMD के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अगले तीन दिनों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने जा रही है। इसके अलावा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली में अगले तीन दिनों तक कुछ-कुछ इलाकों में बरसात देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों में बदली-बारिश और गरज-चमक को लेकर मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में चेतावनी है, जबकि उत्तरी हिस्सों में नो वार्निंग जारी की गई है।
समुद्र से आने वाली नमी बस्तर को प्रभावित करने के बाद आगे बढ़ते हुए मध्य छत्तीसगढ़ में भी पहुंचेगी। राजनांदगांव, बालोद, दुर्ग, रायपुर, धमतरी तथा गरियाबंद में भी नमी के कारण गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्से इससे अप्रभावित रहेंगे। बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, बलौदाबाजार, जांजगीर, जशपुर, सरगुजा, बेमेतरा, कबीरधाम, कोरिया, सूरजपुर आदि जिलों में नमी का बहुत अधिक असर पड़ने की संभावना नहीं है।