दरभंगा
बिहार के दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम कार में जा रहे चार लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। जबकि, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, बहादुरपुर के रहने वाले अनिल सिंह अन्य तीन लोगों के साथ एक कार से कहीं जा रहे थे। बहेड़ी-लहेरियासराय मुख्य सड़क पर बाइक से आए छह लोगों ने कार रोककर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई।
गोलियों की तरतराहट से गूंजा दरभंगा (बिहार) #Bihar #BiharPolitics #BiharPolice #biharcrime pic.twitter.com/9Vu7pCnw66
— Chandan Pandey(चंदन पांडेय) (@Realchandan21) June 23, 2023
मृतकों की पहचान अनिल सिंह, उसके चचेरे भाई मनीष सिंह तथा पटना निवासी निजी सुरक्षा गार्ड मुन्ना सिंह के रूप में हुई है। दरभंगा के पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने बताया कि अनिल सिंह आपराधिक प्रवृति का था। उन्होंने कहा कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि गाड़ी के अंदर भी गोली चलने के साक्ष्य मिले हैं। एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। जांच के बाद ही सभी कारणों का पता चल सकेगा