जम्मू कश्मीर: पुंछ के दुर्गम इलाके में एरिया डोमिनेशन गश्त के दौरान नदी पार करते हादसा हो गया है। दरअसल नायब सूबेदार कुलदीप सिंह अचानक आई बाढ़ में बह गए। इस बात की जानकारी पीआरओ रक्षा जम्मू ने दी है। खबर है कि पोशाना नदी में बहे 2 भारतीय सेना के जवानों का पता लगाने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
अचानक आई बाढ़ में बहे
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सेना के अधिकारियों के हवाले से बताया कि पुंछ के सुरानकोटे के पोशाना में ये सैनिक डोगरा नाला पार कर रहे थे लेकिन भारी बारिश के कारण अचानक आयी बाढ़ के कारण वे पानी के तेज बहाव में बह गये.
शनिवार शाम को अधिकारियों ने बताया था कि सेना, पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल की संयुक्त टीम दोनों की तलाश में जुटे हैं लेकिन अबतक कुछ पता नहीं चला है. सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की. इस बीच, पुलिस वाहन जिले के विभिन्न हिस्सों में लोगों को भारी बारिश के बाद नदी/नालों से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं.
संभावना जताई जा रही है कि रविवार को जल निकायों में जल स्तर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि यहां अलग-अलग जगहों पर आज भी बारिश हो सकती है। 10 से लेकर 14 जुलाई तक यहां बारिश की संभावना जताई गई है।
