रायपुर। दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस की कमान संभाल ली। आज शाम मुख्यमंत्री और पूर्व पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम की मौजूदगी में दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस का चार्ज लिया। इससे पहले दीपक बैज का रायपुर एयरपोर्ट से कांग्रेस भवन आने के दौरान जबरदस्त स्वागत हुआ। कई जगहों पर छोटे-छोटे पंडाल लगाकर कांग्रेस के नये प्रदेश अध्यक्ष को फूल मालाओं से लादा गया। वहीं कांग्रेस भवन पहुंचते ही दीपक बैज को लड्डूओं से तौला गया।
इस दौरान दीपक बैज ने अपने कार्यकर्ताओं का हौसला भी बढ़ाया और विपक्ष पर वार भी किया। पीसीसी की कमान संभालते ही दीपक बैज ने चैलेंज कर दिया। बैज ने कहा कि भाजपा में अगर हिम्मत है तो प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर छत्तीसगढ़ में चुनाव लड़कर दिखाये। कांग्रेस 2023 का चुनाव मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चेहर पर लड़ेगी। दीपक बैज ने कहा कि आप लोगो ने ऐतिहासिक स्वागत किया। हमारे कार्यकर्ताओं और नेतागण के इरादे को बरसता पानी भी डिगा नहीं सका। सत्ता और संगठन दोनों अलग अलग है। सत्ता और संगठन में तालमेल होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य और मिशन 2023 और मिशन 75 प्लस हासिल करना है। झूठ और फरेब की राजनीति को उखाड़ फेकना है। बैज ने कहा कि केंद्र सरकार ने साढ़े चार में सौतेला व्यवहार किया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार और नरेंद्र मोदी से लड़े। दीपक बैज ने कहा कि हम 2023 विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के चहरे पर लड़ेंगे। दीपक बैज ने कहा कि 18 घंटे काम करके सरकार बनाएंगे। ईमानदारी के साथ, संगठन का काम करेंगे और सरकार बनाकर देंगे।