मातृत्व अवकाश को लेकर कई देशों में अलग-अलग नियम हैं। कहीं पर बच्चों के पैदा होने के पहले से लेकर उसके पालन पोषण तक के लिए छुट्टी का नियम है तो कहीं पर सिर्फ कुछ महीनों के लिए ही मातृत्व अवकाश दिया जाता है। वहीँ इसे लेकर अब सिक्किम सरकार ने एक बड़ी घोषणा की है। अब राज्य में मां बनने वाली महिलाओं को 12 महीने तक छुट्टी दी जाएगी।
सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने घोषणा की है। इसके अलावा बच्चे के पिता को एक महीने की छुट्टी देने का भी प्रावधान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही इससे जुड़े नियमों में बदलाव किया जाएगा और इस योजना को राज्य में लागू किया जाएगा। सिक्किम सरकार के इस फैसले से राज्य की हजारों महिलाओं को फायदा होगा।
सिक्किम राज्य सिविल सेवा अधिकारी संघ (एससीएससीओए) की वार्षिक बैठक में सिक्किम के सीएम तमांग ने कहा कि इससे सरकारी कर्मचारियों को अपने बच्चों और परिवार की बेहतर देखभाल करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही इसकी सूचना दी जायेगी। आने वाले हफ्तों में सिक्किम सरकार इस संबंध में अधिसूचना जारी कर सकती है।
