रायपुर:- राष्ट्रीय नेताओं का लगातार छत्तीसगढ़ दौरा चल रहा है। इस कड़ी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जल्द छत्तीसगढ़ आ सकते हैं। 11 अगस्त को खड़गे छत्तीसगढ़ प्रवास पर आ सकते हैं। इस दिन मिनीमाता की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, चांजगीर चांपा में मिनीमाता की पुण्यतिथि पर भव्य कार्यक्रम होना है। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे शिरकत कर सकते हैं। यही से कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार का शंखनाद करेगी। सीएम भूपेश बघेल ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे को छत्तीसगढ़ आने का न्यौता दिया था। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भी दिल्ली प्रवास के दौरान खड़गे को छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया था। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि वो मिनी माता की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
बता दें कि जांजगीर-चांपा जिले की अधिकांश सीटें अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हैं। जिले की 6 सीट में से 2 सीट पर कांग्रेस विधायक हैं। बाकी के 2 सीट पर बीजेपी और 2 सीटों पर बसपा के विधायक हैं। ऐसे में सियासी गलियारे में चर्चा है कि अनुसूचित जाति वर्ग का समर्थन हासिल करने के लिए खड़गे की यहां पर बड़ी सभा कराने की तैयारी चल रही है। इसके पहले भी 21 मई को खड़गे सीएम भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र पाटन में आयोजित भरोसे का सम्मेलन में शामिल होने वाले थे पर किसी कारण से उनका दौरा कैंसिल हो गया था। इसके बाद से कयास लग रहा था कि जल्द ही खड़गे का दौरा होगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस तारिक़ को छत्तीसगढ़ आ सकते हैं…
Congress President Mallikarjun Kharge can come to Chhattisgarh on this date…
