दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में विश्व कप 2023 के 10वें मुकाबले में एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे. इस मुकाबले में जहां ऑस्ट्रेलिया को अपनी पहली जीत का इंतजार होगा को वहीं दक्षिण अफ्रीका को टूर्नामेंट की अपनी दूसरी जीत हासिल करना चाहेगी. दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में 102 रनों से जीत दर्ज की थी, जबकि ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व कप का मुकाबला काफी कांटे का होता है और दोनों टीमों के बीच राइवलरी भी काफी पुरानी है. ऐसे में यह मुकाबला काफी दिलचस्प होगा. मैच की शुरुआत दोपहर 2 बजे से होगी. दक्षिण अफ्रीका ने अपने पहले मुकाबले में रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया था और जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम पहले मैच में संघर्ष करते नजर आई थी. इकाना में स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला होता है.
इकाना स्टेडियम के विकेट पर स्पिनर्स को मदद मिलती है. गेंदबाजों को पिच से टर्न मिलने की उम्मीद की जा सकती है. हालांकि, विश्व कप के लिए नई पिच का इस्तेमाल हो रहा है तो देखना दिलचस्प होगा कि पिच कैसी रहती है. इकाना में खेले अब तक 4 वनडे मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 2 मुकाबले जीते हैं जबकि पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने भी दो मुकाबले जीते हैं. पहली पारी का औसत स्कोर 220 रन है. शाम को यहां ओस आने के बाद गेंदबाजों को दिक्कत हो सकती है.
लखनऊ में गुरुवार को बारिश की कोई संभावना नहीं है. ह्यूमिडिटी करीब 43 प्रतिशत के आस-पास रह सकती है. इस दौरान हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी. मैच के दौरान प्लेयर्स को गर्मी से दो-चार होना पड़ेगा.
