नई दिल्ली। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, गाजा के अल अहली अस्पताल में जानमाल की दुखद हानि से गहरा सदमा पहुंचा है. पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी संवेदनाएं और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं. चल रहे संघर्ष में नागरिकों का हताहत होना गंभीर और निरंतर चिंता का विषय है. इसमें शामिल लोगों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए.
दरअसल, हमास और इजरायल में जारी युद्ध के बीच गाजा पट्टी के अल-अहली अरब अस्पताल में हुए ब्लास्ट में 500 लोगों की मौत हो गई. फिलिस्तीन ने दावा किया है कि यह अस्पताल इजरायली एयरस्ट्राइक की चपेट में आया है. जबकि इजरायल ने इन आरोपों को नकारते हुए दावा किया है कि फिलिस्तीन के इस्लामिक जिहाद द्वारा दागे गए एक रॉकेट के मिस फायर होने की वजह से हादसा हुआ.
गाजा के जिस अल-अहली अरब अस्पताल में ये हमला हुआ, वह उत्तरी गाजा में है. इस हॉस्पिटल को एंग्लिकन चर्च द्वारा संचालित किया जाता है. हमास और इजरायल में जारी युद्ध के चलते इस अस्पताल में हजारों लोगों ने शरण ले रखी थी.
