नई दिल्ली: शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला लगातार छठे दिन गुरुवार को भी जारी रहा. विदेशी कोषों की निकासी व वैश्विक बाजारों के नकारात्मक रुख से बाजार धारणा प्रभावित हुई है. BSE का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार के बाद करीब 850 अंक टूटा है. जबकि निफ्टी में 250 अंक के करीब की गिरावट आई है. सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा का शेयर लगभग तीन प्रतिशत टूट गया. कंपनी के जुलाई-सितंबर तिमाही के एकीकृत शुद्ध लाभ में 61 प्रतिशत की गिरावट आई है. महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा मोटर्स, नेस्ले और टाइटन के शेयर भी नुकसान में थे.
अमेरिकी बाजार बुधवार को नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 89.87 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 4,236.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे.
