नई दिल्ली। नेपाल में आए भूकंप ने तबाही मचा दी है. नेपाल के तीव्र भूकंप का असर भारत में भी देखने को मिला. शुक्रवार को दिल्ली समेत कई राज्यों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. मध्य प्रदेश में भी कई जगहों पर भूकंप के झटके महसूस किए गए. हालांकि मध्य प्रदेश में किसी तरह के नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आयी है.
नेपाल में शुक्रवार रात को 6.4 तीव्रता का भूकंप आया. भूकंप का केंद्र नेपाल के काठमांडू से 331 किलोमीटर था. तीव्र भूकंप के चलते नेपाल में करीब 120 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर सामने आयी है. इस भूकंप का असर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और बिहार में भी देखने को मिला.
मध्य प्रदेश में भूकंप के झटके
मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सतना और रीवा में भूकंप के झटके महसूस किए गए. वहीं मुरैना और आगर मालवा जिले में भी कहीं-कहीं भूकंप के झटके महसूस किए गए. हालांकि अभी तक किसी को कोई नुकसान पहुंचने की खबर सामने नहीं आई है.
नेपाल में राहत और बचाव कार्य जारी
नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल के मुताबिक राहत और बचाव कार्य के लिए सेना, राष्ट्रीय पुलिस बलों की सेवाएं लेने के निर्देश दिए गए हैं. नेपाल के गृह मंत्रालय के अनुसार दाईलेख,सलेयान, रोलपा सहित अन्य जिलों से भी जान-माल के नुकसान की खबरें सामने आयी हैं.
