कोरबा/ खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 अंतर्गत जिले में 1 नवंबर 2023 से धान खरीदी कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। कलेक्टर सौरभ कुमार कटघोरा विकासखण्ड के आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित केंद्र छुरीकला में धान खरीदी हेतु धान एवं कांटा बाट का विधिवत पूजन कर केंद्र में खरीदी का शुभारंभ किया।उपार्जन केंद्र छुरीकला में कृषक रामानुज साहू पिता सुकालूरामू द्वारा 20 क्विंटल धान विक्रय हेतु टोकन कटवाया गया था,जिसे आज उनके द्वारा विक्रय हेतु उपार्जन केंद्र छुरीकला लाया गया। कलेक्टर ने कृषक रामानुज साहू को शुभकामनाएं देते हुए समिति प्रबंधक को धान खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित कराने हेतु केंद्र में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करने एवं सभी समितियों में गुणवत्ता युक्त धान खरीदी करने के लिए कहा। कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की सतत् निगरानी रखने एवं कोचियों एवं बिचौलियों से अवैध धान की खरीदी-बिक्री पर मंडी अधिनियम के तहत सख्त कार्यवाही करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान खाद्य अधिकारी जितेन्द्र सिंह ने कलेक्टर सौरभ कुमार को जानकारी देते हुए बताया कि उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की सतत् निगरानी हेतु केंद्रवार निगरानी समिति का गठन किया गया है। साथ ही इस गठित निगरानी समिति में पटवारी/राजस्व निरीक्षकों को नामांकित प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है तथा धान खरीदी की निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण हेतु खाद्य विभाग,सहकारिता विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को नोडल नियुक्त किया गया है। जिले में अवैध धान के विक्रय पर रोक लगाने हेतु अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अध्यक्षता में राजस्व विभाग,खाद्य व मण्डी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम का गठन कर अनुविभाग स्तरीय जांच दल का निर्मित किया गया। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी जितेन्द्र सिंह,उप पंजीयक सहकारिता पूर्णिमा सिंह,डीएमओ जाह्न्वी जिलहरे,एस. के. जोशी सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के कर्मचारी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन 1 नवंबर 2023 से 31 जनवरी 2023 तक जिले के 41 सहकारी समितियो के 65 धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान उपार्जन किया जाना है। समर्थन मूल्य पर धान विक्रय हेतु 31 अक्टूबर 2023 की स्थिति मेें कुल 52,390 किसानों के 70,592.88 हेक्टेयर रकबा का पंजीयन किया गया है। जिस हेतु सभी 65 धान उपार्जन केन्द्रों में धान की खरीदी हेतु मूलभूत सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। सुचारू रूप से धान खरीदी कार्य हेतु धान उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों/डाटा एंट्री ऑपरेटरों को प्रशिक्षण दिया गया है। सभी केंद्रों में धान खरीदी कार्य हेतु नया जूट बारदाना एवं पुराना बारदाना आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराई जा रही है। कोरबा जिले में 8 नवंबर 2023 की स्थिति में 3 किसानों से कुल 86 क्विंटल धान की खरीदी की गई है।
