मध्य प्रदेश: कांग्रेस और बीजेपी के नेताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. एमपी में कांग्रेस की तरफ से जहां प्रियंका गांधी ने गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की सीट दतिया में जनसभा की, वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सभा की है. दतिया जनसभा में पहुंचीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी की चुटकी ले ली.
प्रियंका गांधी ने कहा- “मोदी जी का पूछिए ही मत, मोदी जी का क्या कहना, देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो परमानेंट अपनी ही पीड़ा में परेशान रहते हैं. कर्नाटक गए बड़ी लंबी लिस्ट लेकर गए, बोले- मुझे इतनी गालियां दी हैं. यहां आए और बताया कि मुझे इतनी गालियां दी हैं. रोते ही रहते हैं..” आगे कहा- आपने सलमान की वो फिल्म देखी है ‘तेरे नाम’, जिसमें सलमान खान शुरू से अंत तक रोते ही रहते हैं. मैं तो कहती हूं मोदी जी के लिए पिक्चर बना देते हैं उसका नाम रखते हैं ‘मेरे नाम’.
आदमी की पहचान में टॉप क्लास हैं मोदी
प्रियंका आगे कहती हैं, “वैसे एक बात है, मोदी जी आदमी की पहचान में टॉप क्लास हैं. क्योंकि, उन्होंने दुनिया भर के कायरों और गद्दारों को इकठ्ठा कर अपनी ही पार्टी में ले लिया है. मुझे तो भाजपा और आरएसएस के उन पार्टी कार्यकर्ताओं पर तरस आता है, जो सालों से मेहनत कर रहे हैं कि कहीं ये कायर और गद्दार ही उनकी पार्टी को न चलाने लगे.”
सिंधिया पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर भी बड़े गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, ‘जब वे कांग्रेस में थे, तो मैंने उनके साथ यूपी में काम किया था. कार्यकर्ता बड़े परेशान थे उनसे. वे आकर मुझे बताते थे कि दीदी, जब तक सिंधिया को महाराज नहीं बोले तो वे किसी का कोई काम नहीं करते हैं’. आगे बोलीं- ‘सिंधिया जी ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई. विश्वासघात तो बहुतों ने किया, लेकिन इन्होंने ग्वालियर और चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया. आपकी पीठ पर छुरा भोंका. जो सरकार आपने बनाई थी, उसे गिरा दिया.
