पटना: लालू पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि ‘मैंने लालू यादव से अनुरोध किया कि जब वह जेल जा रहे थे तो वह अपनी पत्नी को सीएम बनाने की बजाय यादव समुदाय के किसी अन्य सक्षम नेता को बिहार का मुख्यमंत्री बना सकते थे। उन्होंने अपनी पत्नी को क्यों चुना वे वंशवादी राजनीति में विश्वास करते हैं, मैं नहीं.उन्हें राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहिए था।
हम वंशवाद की राजनीति नहीं करते: नित्यानंद राय
लालू पर पलटवार करते हुए नित्यानंद राय ने कहा कि मेरी पत्नी राजनीति में नहीं हैं, हम वंशवाद की राजनीति में विश्वास नहीं करते हैं। यह आप हैं, जिनका पूरा परिवार राजनीति करता है। अगर लालू जी परिवारवाद की राजनीति नहीं करते हैं तो तेजस्वी यादव को डिप्टी सीएम पद से हटाकर अपनी पार्टी के किसी नेता को डिप्टी सीएम बना दें।
मैं विधायक बना तो मेरे पिता ने मुखिया पद छोड़ दिया था: राय
नित्यानंद राय ने कहा कि जब मैं विधायक बना था, तब मेरे पिता जी मुखिया थे। उन्होंने मुखिया पद त्याग दिया था। उपमुखिया को मुखिया का चार्ज दे दिया था। पिताजी ने कहा कि एक परिवार में दो व्यक्ति, मैं मुखिया और मेरा बेटा विधायक रहे, ये अशोभनीय रहेगा। और आप परिवारवाद किए जा रहे हैं। खुद के बाद पत्नी, पत्नी के बाद बेटा, बेटा के बाद दूसरा बेटा और फिर एक बेटी, और आगे किस-किस को लाएंगे पता नहीं।
नित्यानंद राय ने लालू से की ये अपील
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लालूजी से अभी भी आग्रह है कि वो तेजस्वी यादव को हटाकर अपने समाज से किसी को डिप्टी सीएम बना दें। लोकतंत्र में परिवारवाद नहीं चलेगा।
