मध्य प्रदेश:- प्रत्याशी एक-दूसरे पर हमले करवाने और वोटिंग में गड़बड़ी करने जैसे कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं. अब इन विवादों के बीच कांग्रेस के दिग्गज नेता और नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह की एंट्री हो गई है. डॉक्टर गोविंद सिंह ने लहार विधानसभा में मतदानपत्र गायब करने का आरोप लगाया है. उन्होंने चुनाव आयोग में इस मामले की शिकायत करने की बात कही है.
नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि लहार विधानसभा में शासकीय कर्मचारी, दिव्यांगों और बुजुर्गों द्वारा किए गए मतदान के मतदान पत्र गायब हुए हैं. उन्होंने कुल 1635 मतदान पत्र गायब होने का दावा किया है.
लगाया गड़बड़ी का आरोप
लहार प्रत्याशी डॉक्टर गोविंद सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि लहार विधानसभा के शासकीय कर्मचारियों के मतपत्र गायब कर दिए गए हैं. पता नहीं कहां रखे गए हैं. निर्वाचन अधिकारी सहायक लहार से भी पूछा, उन्होंने मना कर दिया. भिंड के जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा गड़बड़ी करने की संभावना है, इसकी जांच की जाए. इसकी शिकायत मध्य प्रदेश निर्वाचन अधिकारी को भी की है.
3 दिसंबर को आएंगे नतीजे
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के लिए 17 दिसंबर 2023 को प्रदेशभर में मतदान किया गया था. इस दौरान कुछ जगहों पर बूथ कैप्चरिंग के आरोप भी लगे. कई जगहों पर हिंसा और बवाल की खबरें भी सामने आयीं. शिकायत होने के बाद भिंड जिले की अटेर विधानसभा क्षेत्र के एक पोलिंग बूथ पर निर्वाचन आयोग ने दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया है. 17 नवंबर को जनता ने अपना फैसला लॉक कर दिया है, 3 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे. तब ये साफ होगा कि प्रदेश में किसकी सरकार बन रही है.
