मध्यप्रदेश:- वन विभाग के एक डिप्टी रेंजर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने वन मंत्री से लेकर बड़े अफसरों को पांच लाख रुपए की रिश्वत देकर रेंज का चार्ज लेने की बात कही है. वीडियो सामने आने के बाद डिप्टी रेंजर मान सिंह गौड़ को सस्पेंड कर दिया गया है. दिलचस्प बात यह है कि जिस वीडियो के वायरल होने पर डिप्टी रेंजर सस्पेंड हुए हैं, वह आज से दो साल पुराना है लेकिन वायरल अब हुआ है.
सोशल मीडिया पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है. 6:04 मिनट का यह वायरल वीडियो देवास जिले में वन विभाग के भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है. खातेगांव की सब रेंज चंदपुरा के डिप्टी रेंजर कह रहे हैं कि 5 लाख बांटे तब जाकर खातेगांव रेंजर का चार्ज मिला.
डिप्टी रेंजर मानसिंह गौड़ कह रहे हैं कि या तो पैसा हो या तुम्हारी राजनीति में दम हो. मेरी सुनो मैंने खातेगांव रेंजर का चार्ज लिया तो नेतागिरी भरपेट लगाई. वन मंत्री से लेकर सब दूर 5 लाख बांट दिए. तब चार्ज मिला. 30 बाय 50 का मकान सिंगल मंजिल था डबल कर दिया. गाड़ी नई कर दी.
मुताबिक मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है. प्रारंभिक जांच में डिप्टी रेंजर मानसिंह गौड़ को निलंबित कर दिया गया है. मकान और गाड़ी के विषय में जांच चल रही है. डीएफओ के मुताबिक यह वायरल वीडियो नवंबर फर्स्ट वीक का है. लेकिन मानसिंह गौड़ जो बातें कर रहे हैं वह 2021 की है, जब उन्होंने खातेगांव रेंज के प्रभारी का चार्ज लिया था. वीडियो के मुताबिक उन्होंने यह चार्ज राजनीति और पैसे के दम पर लिया था।
अब वीडियो पर राजनीति भी शुरू, पूर्व मंत्री का बयान आया सामने
डिप्टी रेंजर के मामले में अब पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का बयान सामने आया है. सज्जन सिंह वर्मा कहते हैं कि सत्य बोलने की सजा एक डिप्टी रेंजर को दी जा रही है. सजा तो उसे मिलना चाहिए जिसने 5 लाख की डिमांड की. इसमें किस-किस का हिस्सा था ? क्या 5 लाख में वन मंत्री के साथ मुख्यमंत्री या स्थानीय विधायक का हिस्सा था. सजा तो इन लोगों को मिलना चाहिए.
