रायपुर:- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के नगरनार में मौजूद एनएमडीसी स्टील प्लांट से छोड़ा जा रहा जहरीला पानी आसपास रहने वाले किसानों के लिए अभिशाप बनता जा रहा है. दरअसल इस प्लांट के गेट नंबर-3 से रसायन युक्त जहरीला पानी खेतों में छोड़ा जा रहा है. इस साल उत्पादन शुरू होने से इस पानी से किसानों के कई एकड़ में लगे फसल पूरी तरह से बर्बाद हो चुके हैं. किसान बताते हैं जो पानी खेतों में छोड़ा गया है उसमें तेल भी मिला हुआ है जिससे 200 एकड़ जमीन पूरी तरह से काली पड़ चुकी है. वहीं धीरे-धीरे खेत की जमीन ठोस हो रही है।
प्लांट से निकलने वाले पानी में कई रसायन जिनमें अमोनिया, नेफथलीन, कार्बन डाइऑक्साइड, तेल और ग्रीस मौजूद है. विरोध करने पर एनएमडीसी प्रबंधन ने वादा किया था कि इस समस्या से निपटने के लिए जल्द ही कोई स्थायी समाधान निकाला जाएगा लेकिन इस साल भी एनएमडीसी प्रबंधन ने लापरवाही बरतते हुए उनके खेतों में फिर रसायनयुक्त पानी छोड़ दिया है।
