अयोध्या:- रामनगरी अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां लगभग पूरी हैं. वैसे तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेशी मेहमानों के आने से यह अयोजन भव्य होगा ही, लेकिन अब इसे और खास बनाने की कोशिश शुरू है. भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को और खास बनाने के लिए विदेशी धरती पर जन्मे और उसी संस्कृति में पले-बढ़े 14 से अधिक देशों के कलाकार श्रीरामलीला का मंचन कर भारतीय संस्कृति को पुष्ट करेंगे. 17 से 22 जनवरी 2024 के बीच होने वाले इस मंचन से श्रीरामलला का अभिनन्दन भी होगा।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर श्रीरामलीला मंचन का आयोजन होगा. 14 से अधिक देशों के कई दर्जन विदेशी कलाकार इसके भागी बनेंगे. भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग बनते हुए इसे पुष्टता प्रदान करेंगे. अयोध्या के रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मालिक और महासचिव शुभम मालिक के मुताबिक जिन देशों के कलाकार श्रीरामलीला मंचन में हिस्सा लेंगे, उनमें रूस, मलेशिया, अमेरिका, लंदन, दुबई, इजरायल, अफगानिस्तान, जापान, चीन, जर्मनी, थाईलैंड, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, पाकिस्तान के कलाकार शामिल हैं. हालांकि इनकी कलाकारी में इनके देशों की सांस्कृतिक झलक दृष्टव्य होगी।
