*रायपुर:-* इजरायल और हमास के बीच युद्ध विराम समझौता खत्म होने के साथ ही लड़ाई फिर से शुरू हो चुकी है. इस बात की पुष्टि इजरायली सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पूर्व में ट्विटर पर की है. गौरतलब है कि सात दिन चले इस समझौते में गुरुवार तक हमास ने इसराइल के 110 बंधकों को छोड़ा है. इसके बाद शुक्रवार को यह समझौता खत्म हो गया। इजरायली सेना ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसने गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ लड़ाई फिर से शुरू कर दी है. इसके साथ ही सेना ने दावा किया कि पहले हमास ने इजराइल क्षेत्र में गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है. ऐसे में इजरायल ने गाजा से दागे गए एक रॉकेट को मार गिराया. उम्मीद जतायी जा रही थी की युद्ध विराम आगे बढ़ सकता है. लेकिन ऐसा नहीं हो सका। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, गाजा में हमास के आंतरिक और राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय ने बताया है कि दक्षिणी गाजा में कई एयर स्ट्राइक की गयी हैं. इसके साथ ही उत्तरी गाजा में भी कई धमाकों की आवाज़ें सुनी गयी हैं. इजरायल का कहना है कि करीब 125 लोगों को हमास ने अभी भी बंधक बनाकर रखा गया है. वहीं, इजरायल ने संघर्ष विराम के तहत अब तक 240 फ़िलिस्तीनियों को रिहा किया है, जिनमें से अधिकतर किशोर ऐसे हैं जिन पर इज़रायली बलों के साथ टकराव के दौरान पत्थर और फ़ायरबम फेंकने का आरोप है।
