छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ में नई सरकार गठन करने का जनादेश रविवार को आएगा। प्रदेश की 90 सीटों के लिए दो चरणों में हुए मतदान में 1.55 करोड़ मतदाताओं के द्वारा डाले गए मतों से यह तय हो जाएगा कि प्रदेश की सत्ता किसके हाथ लगती है। इसके साथ ही 1,181 प्रत्याशियों के भाग्य का भी निर्णय होगा। इस चुनाव में कांग्रेस से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, विधानसभा के अध्यक्ष डा. चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज समेत अन्य 12 मंत्रियों की साख दांव पर है। इसी तरह से भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह समेत उनके कैबिनेट के 16 पूर्व मंत्री और भाजपा सांसद विजय बघेल, केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद रेणुका सिंह, सांसद गोमती साय समेत अन्य के भविष्य पर भी निर्णय होना है।
