जम्मू-कश्मीर:- राजौरी में गुरुवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ. हमले में 4 जवानों के शहीद होने और 3 जवानों के घायल होने की खबर है. आतंकियों ने राजौरी के पुंछ इलाके में एक तीखे पर अचानक से जवानों की 2 गाड़ियों पर फायर झोंक दिया. हमले के बाद सेना ने पूरे इलाके में मुस्तैदी बढ़ा दी है और आतंकियों की तलाश की जा रही है. अबतक किसी भी आतंकी को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी है.
आतंकियों ने कैसे दिया हमले को अंजाम
हमारे सूत्रों के मुताबिक पुंछ हमले में करीब 3-4 आतंकी शामिल हैं. हमला डेरा की गली और बुफलियाज के बीच धत्यार मोड़ पर उस वक्त किया गया जब सेना के दो वाहन वहां से गुजर रहे थे. धत्यार मोड़ को आतंकवादियों ने हमले के लिए इसलिए चुना क्योंकि वहां अंधा मोड़ है. साथ ही सड़क ऊबड़-खाबड़ है जिसकी वजह से वहां से गुजरने वाले वाहन धीमे हो जाते हैं. गुरुवार को शाम 3:45 पर जब इसी मोड़ पर सेना के वाहन धीमे हुए तभी आतंकियों ने अचानक से उन पर गोलीबारी शुरू कर दी. सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की लेकिन आतंकी वहां से भागने में कामयाब रहे. माना ये जा रहा है कि आतंकी हमले को अंजाम देने के लिए वहां पूरी प्लानिंग से तैयार होकर पहले से ही घात लगाकर बैठे थे.
हमले के तार पाकिस्तान से जुड़े होने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक इस हमले में प्रोक्सी आतंकी संगठन ‘ पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट’ के हाथ होने की खबर है जिसके अहम सबूत के मिले हैं. बताया ये जा रहा है कि जम्मू में सक्रिय ओवर ग्राउंड वर्करों की सहायता से इस हमले को अंजाम दिया गया. आपको बता दें कि PAFF जम्मू कश्मीर में एक एक्टिव आतंकी संगठन है. यह संगठन 2019 में जब जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया गया था उसी के बाद चर्चा में आया था. PAFF को पाकिस्तान के आतंकी संगठन ‘जैश-ए-मोहम्मद’ के ही समर्थन का बताया जाता है.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हमले पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि, दुःख की इस घड़ी में हमारी संवेदनायें और प्रार्थनायें जवानों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं. हम घायल सैनिकों के पूर्ण एवं शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि हम राजौरी और पीर पंजाल रेंज के इलाकों में हो रहे इन जघन्य आतंकी हमलों की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि,जम्मू कश्मीर के राजौरी में हुए कायराना आतंकी हमले में हमारे जवानों की शहादत की खबर बहुत दुखद है. भारत की रक्षा में उनका यह सर्वोच्च बलिदान देश हमेशा याद रखेगा. इस कठिन समय में शहीदों के शोकाकुल परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं.
पूरे विपक्ष ने आतंकवादियों के इस कायराना हमले की एकसुर में निंदा की है और इस बात पर बल दिया है कि भारत आतंकवाद के संकट के खिलाफ एकजुट खड़ा है.
