ग्वालियर:- लालच इंसान को हैवान बना देता है और यही हैवान लालच में आकर अपनों का ही कत्ल कर देता है. लालच और हैवानियत का ऐसा ही एक मामला ग्वालियर में सामने आया है, जहां जीजा ने संपत्ति के लालच में आकर अपने ही साले की हत्या कर दी. जीजा की हैवानियत देखिए की हत्या को एक्सीडेंट दिखाने के लिए अपने साले की बॉडी को गाड़ी से टक्कर भी मारी. यानी एक बार हत्या करने के बाद घटनाक्रम को एक्सीडेंट दिखाने के लिए फिर से हत्या की, जबकि वह पहले ही मर चुका था.
यह पूरा घटनाक्रम 5 जनवरी का है और घटनास्थल आगरा-झांसी हाईवे है. दरअसल 5 जनवरी को आगरा-झांसी हाईवे पर बेहटा के पास एक युवक का शव पड़ा मिला था. शव की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा मृतक के गले पर निशान था और सिर में भी चोट थी. मृतक की पहचान उपेंद्र यादव के रूप में हुई. उपेंद्र यादव भिंड जिले का रहने वाला था.
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम करते हुए मृतक का पोस्टमार्टम करवाया. पुलिस ने जब विवेचना शुरू की तो मृतक उपेंद्र के जीजा भूरे उर्फ संजय की गतिविधियां संदिग्ध लगी. संदेह के आधार पर पुलिस ने संजय को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी. शुरुआत में तो संजय पुलिस को इधर-उधर की बातें करके उलझाता रहा, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो संजय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
आरोपी जीजा ने पुलिस को बताई अपनी घिनौनी करतूत
संजय ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी चालीराजा और उमर के साथ मिलकर अपने साले उपेंद्र यादव को प्लॉट दिखाने के बहाने बड़ा गांव इलाके में बुलाया था. यहां से गाड़ी में बिठाकर उसे बेहटा इलाके में ले गए और रस्सी से गला दबाकर उपेंद्र की हत्या कर दी. हत्या को एक्सीडेंट दिखाने के लिए गाड़ी से उपेंद्र के शव को टक्कर भी मारी थी. इसी टक्कर की वजह से उपेंद्र के सिर में चोट आई थी.
हत्या के पीछे की वजह पूछने पर संजय ने पुलिस को बताया कि उपेंद्र और संजय दोनों टेंट का व्यवसाय करते थे, लेकिन इस दौरान उपेंद्र अक्सर संजय को गालियां देता रहता था. इस बात से संजय उपेंद्र पर खुन्नस रखने लगा. इसके अलावा उपेंद्र के पिता की 15 साल पहले हत्या हो गई थी. उपेंद्र घर में इकलौता बेटा था. सारी संपत्ति भी उपेंद्र के नाम ही थी. उपेंद्र प्रॉपर्टी का काम भी करता था. संजय की नजर उपेंद्र की प्रॉपर्टी पर भी थी. इसी लालच में आकर संजय हैवान बन गया और उसने अपने साले की हत्या कर दी. पुलिस ने संजय और उसके दोनों साथियों को गिरफ्तार कर लिया है.
