मध्यप्रदेश:- पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के जिले दतिया में अपराध अब चरम पर है. रविवार की सुबह यहां की मशहूर शुगर मिल के बाहर कुछ अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दशहत फैला दी है. ये फायरिंग शुगर मिल के कर्मचारियों को निशाना बनाते हुए की गई है. पूरी घटना के सीसीटीवी फुटेज आ गए हैं और अब ये फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं.
इन फुटेज में साफ दिख रहा है कि डोलेक्स शुगर मिल के बाहर बदमाशों द्वारा दनादन फायरिंग की जा रही है. मुंह पर कपड़ा बांधकर ये बदमाश देशी कट्टों से शुगर मिल के कर्मचारियों पर निशाना लगाते हुए फायरिंग कर रहे हैं और इस फायरिंग की वजह से कर्मचारी दौड़कर फैक्ट्री के अंदर घुसकर जान बचाते हुए दिख रहे हैं.
पुलिस फिलहाल इस पूरी घटना से अनभिज्ञ है. पुलिस अधिकारी घटना को लेकर जांच कर रहे हैं और अज्ञात बदमाशों को पकड़ने नाकाबंदी कर रहे हैं. लेकिन इस घटना के पीछे अलग-अलग वजह निकलकर सामने आ रही है. कुछ का कहना है कि शुगर मिल से कुछ कर्मचारियों को निकाला गया था, जिससे नाराज होकर इन अज्ञात बदमाशों ने ये फायरिंग की है तो कुछ का कहना है कि मामला आशनाई से जुड़ा है. फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं है कि ये घटना क्यों हुई है. पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटे हैं.
लेकिन इस घटना ने एक बार फिर से मध्यप्रदेश पुलिस की कलई खोलकर रख दी है. दतिया वो जिला है, जहां से बीजेपी के कद्दावर नेता नरोत्तम मिश्रा लगातार विधायक चुनकर आते रहे हैं और लंबे समय से मध्यप्रदेश के गृहमंत्री बने हुए थे और इस बार के चुनाव में वे हार गए थे. लेकिन उनके हटते ही दतिया में अपराध अब अपने चरम पर दिख रहा है. जिस तरह से बदमाशों ने खुलेआम फायरिंग कर दहशत फैलाई है, उससे जाहिर हो रहा है कि मध्यप्रदेश पुलिस का खौफ बदमाशों में नहीं है.
ताबड़तोड़ फायरिंग का सीसीटीवी फुटेज भी देखें
बड़ौनी पुलिस जांच में जुटी है
मामला दतिया जिले के बड़ौनी थाना क्षेत्र का है. डोलेक्स शुगर मिल इसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है. बड़ौनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. लेकिन फायरिंग करने वाले आरोपियों के बारे में पुलिस को अब तक कुछ भी पता नहीं चला है. पुलिस फैक्टरी के कर्मचारियों से पूछताछ कर रह है, ताकि अपराधियों को लेकर कोई क्लू मिल सके.
