यूपी:- अयोध्या का राम मंदिर धार्मिक चर्चाओं के साथ ही सियासी चर्चाओं का भी विषय बना हुआ है. कांग्रेस नेता राम लला के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, इसे लेकर सस्पेंस बना हुआ है. पूर्व सीएम कमलनाथ ने साफ कर दिया है कि वे अयोध्या नहीं जाएंगे. उन्होंने राम मंदिर के श्रेय को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा.
सोमवार को विधायक की शपथ लेने के बाद कमलनाथ आज छिंदवाड़ा पहुंचे.कमलनाथ तीन दिनों तक छिंदवाड़ा में ही रहेंगे. छिंदवाड़ा पहुंचते ही कमलनाथ से मीडिया कर्मियों ने जब राम मंदिर को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधा.
राम मंदिर का पट्टा बीजेपी के पास नहीं
राम मंदिर को लेकर कमलनाथ बोले, “अयोध्या में जो राम मंदिर बन रहा है, वह सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बन रहा है, बीजेपी के पास राम मंदिर का कोई पट्टा नहीं है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सरकार बीजेपी की थी तो उनका काम था बनाना मंदिर” वहीं 22 को अयोध्या जाने से भी कमलनाथ ने इंकार कर दिया. उन्होंने कहा कि वे 22 जनवरी यानी कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद अयोध्या जाएंगे.
