मैहर:- शारदा देवी मंदिर में हैरतंगेज मामला सामने आया है. एक भक्त ने अपनी मन्नत पूरी होने पर शारदा माता मंदिर के हवन कुंड में अपने सिर को चढ़ाने के लिए चाकू से गर्दन काटकर चढ़ाने की कोशिश की. मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भक्त को दबोच लिया और हाथ से चाकू छीन लिया. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान भक्त को मैहर सिविल अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया.
मन्नत पूरी हुई तो काट दी गर्दन
प्रयागराज की गढा गांव का रहने वाला 37 वर्षीय लल्ला राम दहिया मैहर मां शारदा के दर्शन करने के लिए आया था. मां शारदा के दर्शन-पूजन करने के बाद वह हवन कुंड के पास पहुंचा. इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, मन्नत पूरी होने पर भक्त लल्ला अपना सिर मां शारदा को चढ़ाने के लिए चाकू से अपनी गर्दन काटने लगा. मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने आनन-फानन में उसे दबोच लिया, जिससे उसकी गर्दन पूरी तरह नहीं कट पाई. लेकिन भक्त लल्ला बुरी तरह जख्मी हो गया और उसकी कटी गर्दन से बेतहाशा खून बहने लगा.
घायल अस्पताल में भर्ती
मामले की जानकारी मिलते ही मैहर शारदा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान लाला राम दहिया को एंबुलेंस से लेकर फौरन सिविल अस्पताल पहुंची और इलाज के लिए भर्ती करा दिया. अस्पताल के डॉक्टरों ने लाला दहिया की गर्दन में टांके, मरहम-पट्टी कर भर्ती कर लिया है. डॉक्टर जख्मी भक्त लल्ला को देखरेख में रखे हैं. डॉक्टर उसकी हालत स्थिर बता रहे हैं.
