: मैनपुरी के कुसमरा इलाके में आयोजित जनसभा में अदित अपनी मां डिंपल यादव के साथ नजर आईं। वह मंच के नीचे महिला कार्यकर्ताओं के साथ बैठी थीं। चर्चा चल रही है कि जल्द ही मुलायम परिवार की तीसरी पीढ़ी का भी राजनीति में पदार्पण हो जाएगा।
मैनपुरी: लोकसभा चुनाव 2024 की रणभेरी बज चुकी है। सभी राजनीतिक दलों के ‘लड़ाके’ अपने सियासी मोर्चों पर तैनात हो चुके हैं। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की विरासत को संभाल रहीं उनकी बड़ी बहू डिंपल यादव भी एक्टिव हो गई हैं। मैनपुरी से सपा ने उनको दोबारा टिकट दिया है। डिंपल अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रतिदन मैनपुरी के अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं और रोड शो निकाल रही हैं। चुनाव प्रचार के दौरान इन दिनों उनकी बेटी अदिति यादव भी नजर आ रही हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। यूजर्स कह रहे हैं कि मुलायम परिवार की तीसरी पीढ़ी भी जल्द राजनीति में एंट्री ले सकती है।
18 मार्च को डिंपल यादव कुसमरा में आयोजित एक जनसभा में पहुंची। इस दौरान अदिति यादव सपा कार्यकर्ताओं के साथ बैठी नजर आईं। वह बड़े गौर से मां डिंपल यादव का भाषण सुन रही थीं। वह वहां मौजूद भीड़ के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई थीं। जानकारों का कहना है कि ऐसे बहुत कम मौके हैं जब अदिति अपनी मां या पिता के साथ चुनावी सभाओं में नजर आई हों। आपको बता दें कि अदिति यादव अखिलेश और डिंपल की बड़ी बेटी हैं। 2020 में उन्होंने इंटर की परीक्षा 98 प्रतिशत नंबर से पास की थी। उस दौरान अखिलेश ने सोशल मीडिया पर यह खुशी शेयर करते हुए बेटी को अच्छे नंबर लाने पर बधाई दी थी।
मैनपुरी से भाभी अपर्णा लड़ेंगी चुनाव डिंपल यादव ने बता दी पूरी सच्चाई
सैफई महोत्सव में अंग्रेजी गाना गाकर जीता था दिल
अखिलेश और डिंपल यादव के तीन बच्चे हैं। अदिति सबसे बड़ी हैं। इसके बाद बेटा अर्जुन और बेटी टीना हैं। ये दोनों जुड़वां बच्चे हैं। अदिति वर्ष 2016 में सैफई महोत्सव में अंग्रेजी गाना गाकर सभी का दिल जीत लिया था। बहुत पहले डिंपल यादव से जब पूछा गया था कि उनके बच्चे क्या राजनीति में जाएंगे, तो उन्होंने कहा था कि ये बच्चों की रुचि के ऊपर है। आपको बता दें कि इस लोकसभा चुनाव में डिंपल यादव के अलावा शिवपाल और धर्मेंद्र यादव भी सपा प्रत्याशी हैं। अखिलेश यादव के भी कन्नौज से उतरने की चर्चा चल रही है।