यूपी:- आम आदमी पार्टी के सांसद और अरविंद केजरीवाल के राइट हैंड कहे जाने वाले संजय सिंह को ईडी ने शराब घोटाले के आरोप में 10 घंटे तक चली छापेमारी के बाद गिरफ्तार कर लिया. संजय सिंह की गिरफ्तारी के तीन घंटे बाद अरविंद केजरीवाल उनके घर पहुंचे. इसके बाद कहा कि संजय सिंह शेर है. वहीं, बीजेपी ने केजरीवाल का इस्तीफा मांगना शुरू कर दिया. वहीं, गिरफ्तारी के बाद संजय सिंह ने एक वीडियो जारी किया. इसमें उन्होंने कहा कि मरना मंजूर है, डरना नहीं. संजय सिंह किसी भी घोटाले के आरोप में गिरफ्तार हुए AAP के पहले नेता नहीं हैं. सबसे पहले मई 2022 में मनी लॉन्ड्रिंग केस में सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी हुई थी. इसके बाद फरवरी 2023 में मनीष सिसोदिया को शराब घोटाले में पहले सीबीआई और अब 4 अक्टूबर 2023 को संजय सिंह को शराब घोटाले में ईडी ने गिरफ्तार किया है. संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया है. कार्यकर्ताओं ने ऐलान किया कि वह गुरुवार सुबह 11 बजे बीजेपी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करेंगे. संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनकी मां ने कहा कि मेरा बेटा निर्दोष है. वह सच के लिए लड़ता रहा है. उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है. मैं उम्मीद करती हूं कि वह जल्द ही मेरे पास आ जाए. ईडी के एक्शन के बाद संजय सिंह की पत्नी ने कहा कि ईडी ने पूछताछ कर घर, कंप्यूटर और दस्तावेजों की तलाशी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला. ईडी अधिकारियों पर उन्हें संजय सिंह को गिरफ्तार करने का दबाव था और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. इस गिरफ्तारी का ईडी ने हमें कोई कारण नहीं बताया है. उन्हें फर्जी मामले में अरेस्ट किया गया है. हम सभी उसके साथ हैं।
