नई दिल्ली:- अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिनेता सनी देओल के साथ उत्कर्ष शर्मा, मनीष वाधवा और अभिनेत्री अमीषा पटेल अहम भूमिकाओं में थे। गदर 2 के बाद फिल्मकार और अभिनेता अनिल तथा उत्कर्ष की पिता पुत्र की जोड़ी एक बार फिर फिल्म जर्नी पर साथ काम कर रही हैं।पिता और बच्चों के रिश्तों पर आधारित इस फिल्म में उत्कर्ष के साथ नाना पाटेकर, सिमरत कौर रंधावा और परितोष त्रिपाठी अहम भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म की करीब 90 प्रतिशत शूटिंग पूरी हो चुकी है। वाराणसी, शिमला और मुंबई में शूट की गई इस फिल्म को इसी साल सिनेमाघरों में प्रदर्शित करने की योजना है।
फिल्म को लेकर उत्कर्ष कहते हैं, ‘गदर 2 को दर्शकों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के लोगों का भी बहुत प्यार मिला। अब मेरे पास ज्यादा और बेहतर काम आ रहे हैं। सफलता और असफलता से परे पहले की तरह अब भी मेरा सिर्फ एक ही लक्ष्य है कि मेरी फिल्में ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचनी चाहिए। जर्नी से भी मेरा यही लक्ष्य है। यह एक पारिवारिक फिल्म है। यह फिल्म हमारे समाज और देश के बहुत ही महत्वपूर्ण विषय पर आधारित है। यह ऐसी फिल्म है, जिसे देखकर आप जितना हंसोगे उतना ही रोओगे।
इस फिल्म की कहानी हमारे पास गदर 2 फिल्म पर काम शुरु करने से पहले ही थी। हम इस फिल्म की शूटिंग लाकडाउन में करने वाले थे। फिर कोरोना महामारी के दौरान सिनेमा जगत में काफी अनिश्चितता की स्थिति बन गई तो हमने इसके साथ आगे बढ़ने की योजना रद कर दी। तब तक गदर 2 को भी हरी झंडी मिल गई थी, तो हमने वह फिल्म बनाई।
यह फिल्म पापा और मेरे हम दोनों के दिल के बहुत करीब है। हमने इसकी कहानी और स्क्रिप्ट पर साथ में मिलकर करीब साल भर बहुत मेहनत की है। गदर 2 के बाद हमारे पास बहुत सी फिल्में और कहानियां थी। लेकिन हमें लगा कि जैसे ये फिल्म हमें पुकार रही हो। गदर 2 का चाहे जो परिणाम होता, हमने तय किया था कि यह फिल्म हमें बनानी ही है।
