नई दिल्ली:- आपको बता दे चौलाई का साग भी उन्हीं चीजों में से है जिसे हम मामूली समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। इसे राजगीरा, अरई-कीरई और रामदाने जैसे कई नामों से जाना जाता है। कई विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स का खजाना होने के कारण यह सेहत के लिए काफी गुणकारी होता है। आपको जानकर हैरानी होगी कि इसके सेवन से ब्लड प्रेशर रेगुलेट करने से लेकर शरीर में हीमोग्लोबिन की मात्रा भी बढ़ाई जा सकती है। आइए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं इसके 5 लाजवाब फायदों के बारे में।
खून की कमी से शरीर में कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं। ऐसे में क्या आप जानते हैं कि चौलाई का साग हीमोग्लोबिन बढ़ाने में काफी फायदेमंद माना जाता है। बता दें, इसके सेवन से ब्लड सर्कुलेशन तो इम्प्रूव होता ही है, साथ ही थकान और कमजोरी से भी राहत मिलती है।
कमजोर हड्डियों में जान भरने के लिए भी चौलाई का साग किसी औषधि से कम नहीं है। इसके सेवन से शरीर को भरपूर कैल्शियम मिलता है और हड्डियों के टूटने या फ्रैक्चर के जोखिम में कमी आती है। यही नहीं, इसका नियमित सेवन करने से नाखून और दांतों को भी हेल्दी बनाया जा सकता है।
वजन घटाने के लिहाज से भी चौलाई का साग काफी मददगार होता है। फाइबर से भरपूर होने के चलते यह आपके पेट को काफी देर तक भरा हुआ रखता है। बता दें, चूंकि इसमें कैलोरी भी बहुत कम होती है, ऐसे में वजन काबू में रहता है। इसके अलावा पेट में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाने में भी यह साग काफी मददगार माना जाता है।
विटामिन सी, पोटेशियम और बीटा-कैरोटीन से भरपूर होने के कारण चौलाई का साग न सिर्फ ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में करके दिल से जुड़ी बीमारियों से बचाता है, बल्कि हार्ट के सेल्स में इंफ्लामेशन को भी कम करने में मदद करता है। ऐसे में हार्ट को हेल्दी रखने के लिहाज से भी ये काफी लाभकारी है।
विटामिन ए, सी, और विटामिन के जैसे कई पोषक तत्वों से भरपूर यह साग इम्यून सिस्टम को दुरुस्त करने का काम करता है। साथ ही, कई बीमारियों से भी बचाता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स का खजाना होता है।
