नई दिल्ली:- आपको पता ही होगा कि,गर्मियां आते ही मच्छर, मक्खी के साथ चींटियों का भी आतंक बढ़ जाता है। बेशक ये मक्खी और मच्छर जितनी गंभीर बीमारियां नहीं फैलाती, लेकिन खाने-पीने की चीज़ें बर्बाद जरूर करती हैं। काली चींटियों के मुकाबले लाल चींटियां ज्यादा खतरनाक होती हैं। जो काट लें, तो हल्की सूजन के साथ तेज खुजली और जलन भी होती है। वैसे तो इन्हें भगाने के लिए मार्केट में कई तरह के कीटनाशक मौजूद हैं, लेकिन अगर आप बिना मारे इन्हें घर से बाहर का रास्ता दिखाना चाहते हैं, तो यहां दिए गए उपाय साबित हो सकते हैं मददगार।
पोछा लगाते वक्त पानी में हल्का सा नमक डालकर सफाई करने से चींटियां आसपास भी नहीं फटकती।
लाल हो या काली चींटियों को बिना मारे घर से बाहर निकालने के लिए फिटकरी और हल्दी की बराबर-बराबर मात्रा मिलाएं और पीसकर पाउडर बना लें। अब इस पाउडर को घर के कोनों में छिड़क दें।
सेब या जामुन कोई भी सिरका लें। इसमें बराबर मात्रा में ही पानी मिलाएं और अच्छे से मिक्स करके किसी स्प्रे बॉटल में भर लें। अब जहां-जहां चींटियां नजर आ रही हैं वहां छिड़काव कर दें।
लहसुन की तेज गंध छोटे- मोटे कीड़े- मकोड़ों को भगाने में बेहद प्रभावी है। मक्खी हो, मच्छर या फिर चींटियां। इसके लिए लहसुन को कूटकर या कद्दूकस कर इसका रस निकाल लें और इस रस को चींटियों वाली जगह पर डाल दें।
संतरा कई तरीकों से इस्तेमाल होना वाला बेहद फायदेमंद फल है। जिसके इस्तेमाल से आप आप चींटियां भी भगा सकते हैं। इसके लिए संतरे का रस निकाल लें और इसमें थोड़ा सा गर्म पानी मिलाएं। जहां- जहां चींटियों की लाइन नजर आ रही है वहां- वहां इसका छिड़काव करें। संतरे के अलावा आप कीनू और नींबू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
