नई दिल्ली:- प्रवर्तन निदेशालय ने बृहस्पतिवार को उच्चतम न्यायालय को सूचित किया कि वह जल्द ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धनशोधन के मामले में अभियोजन शिकायत दर्ज करेगा. ईडी की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसीटर जनरल एस.वी.राजू ने न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायामूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ से कहा,हम अरविंद केजरीवाल और आप के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल करने का प्रस्ताव करते हैं. हम जल्द यह करेंगे. यह प्रक्रिया में है.’ ईडी ने यह बयान केजरीवाल द्वारा उनकी गिरफ्तारी के खिलाफ दाखिल की गई याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया. दिल्ली के मुख्यमंत्री को इस मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था.
