नई दिल्ली:- राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी. IMD के मुताबिक, दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम यानी 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, दिन के वक्त सापेक्षिक आद्रर्ता 28 से 49 फीसदी रही. मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को दिन में आसमान साफ रहने और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताया है. वहीं, राजधानी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 42 और 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है.
लू का अलर्ट
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, अब अगले सप्ताह गर्मी अपने चरम पर रहेगी. दिल्ली के लोगों को अब झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा. शुक्रवार से दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 डिग्री के पास जाने की आशंका है. इस हफ्ते से गर्मी परेशानी बढ़ाएगी. यूपी में प्रदेश भर में शुक्रवार से लू चलने का अनुमान भी जताया गया है. 16 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा वहीं 17 मई से लू चलने की संभावना जताई गई है.
