नई दिल्ली :- इस समय लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में बंगाल की भी सात सीटों पर मतदान कराया जा रहा है। जहां पर दोपहर 3 बजे तक 62.72 मतदान दर्ज किया। लोगों ने भीषण गर्मी के बीच भी घर से निकलकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।हालांकि, खुद राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाई ही अपना वोट नहीं डाल पाए। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार ममता के सबसे छोटे भाई बाबुन बनर्जी मतदान नहीं कर पाए, क्योंकि मतदाता सूची में उनका नाम नहीं था, लेकिन उन्हें पहले से इसकी जानकारी नहीं थी।
टीएमसी ने उठाए सवाल
हावड़ा में रहने वाले बाबून जब वोट डालने मतदान केंद्र पहुंचे तो पता चला कि मतदाता सूची में उनका नाम नहीं है। टीएमसी ने इस पूरे मामले पर चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए। टीएमसी प्रवक्ता शांतनु सेन ने कहा, ‘भारत का चुनाव आयोग पूरे मामले को देख रहा है। केवल वही बता सकता है कि ऐसा क्यों हुआ।’
टिकट न मिलने पर भिड़े
बता दें कि इससे पहले मार्च में हावड़ा लोकसभा सीट से टीएमसी के मौजूदा सांसद प्रसून बनर्जी को फिर से उम्मीदवार बनाए जाने पर बाबुन ने अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि पार्टी ने उन्हें टिकट देने का वादा किया था। तब ममता बनर्जी ने खुलेआम उन्हें त्यागने और उनके साथ संबंध तोड़ने तक की बात कही थी। उसके बाद चर्चा यह भी थी कि बाबुन हावड़ा से निर्दलीय लड़ सकते हैं, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
भाजपा में शामिल होने की थी अटकलें
इस घटना के बाद अटकलें ये भी लगाई जा रही थीं कि बाबून भाजपा में शामिल हो सकते हैं। बताते चलें कि बाबुन, बंगाल ओलंपिक एसोसिएशन और बंगाल हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं, साथ ही बंगाल बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव और टीएमसी के खेल विंग के प्रभारी भी हैं।
